हेडलाइट चालू करने के प्रयास में पलटी ई-रिक्शा | E-rickshaw overturns while attempting to switch on headlights
एक पल की लापरवाही ने उजाड़ा सुहाग ; पत्नी की मौत
पती गंभीर रूप से घायल , मामला दर्ज
कन्हान : - नागपुर जिल्हे के कन्हान थाना अंतर्गत तारसा महामार्ग पर चलती ई-रिक्शा में हेडलाइट चालू करने के प्रयास के दौरान वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से ई-रिक्शा पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सालवा-येसंबा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सालवा-येसंबा निवासी अंकित भारत पाटील (33) अपनी पत्नी शीतल अंकित पाटील (30) के साथ शुक्रवार (17 जुलाई) को कन्हान के पटेलनगर स्थित रिश्तेदारों के यहां आए थे। रात में भोजन करने के बाद दोनों मालवाहक ई-रिक्शा (एमएच-40-बीएफ-4683) से अपने गांव लौट रहे थे।
रात्रि लगभग 10:30 से 10:45 बजे के बीच तारसा रोड स्थित सरपंच होटल से कुछ दूरी पर कारेमोरे बिल्डिंग के पास ई-रिक्शा की हेडलाइट अचानक बंद हो गई। बताया जाता है कि चालक अंकित पाटील ने वाहन को सड़क किनारे रोकने के बजाय चलते वाहन में ही हेडलाइट चालू करने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन से उनका नियंत्रण छूट गया और ई-रिक्शा सड़क के बाईं ओर उतरकर पलट गई।
हादसे में शीतल पाटील ई-रिक्शा के नीचे दब गईं, जिससे उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल कन्हान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक अंकित पाटील के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं तथा उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना कन्हान पुलिस को मिलते ही सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत पाटणकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल, कामठी भेज दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक द्वारा वाहन सुरक्षित रूप से रोके बिना चलते वाहन में हेडलाइट चालू करने का प्रयास किए जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। इस मामले में कन्हान पुलिस ने चालक अंकित भारत पाटील के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे के मार्गदर्शन में कन्हान पुलिस कर रही है।


COMMENTS