18 साल बाद सेंट जोसेफ कॉन्वेंट में फिर गूंजी बचपन की खिलखिलाहट
2008 बैच का ऐतिहासिक रीयूनियन समारोह भावुक पलों और पुरानी यादों के साथ संपन्न
कामठी : - सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल, कामठी में वर्ष 2008 बैच के पूर्व छात्रों द्वारा रविवार, 2 अगस्त 2026 को भव्य एवं यादगार रीयूनियन समारोह का आयोजन किया गया। लगभग 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जब स्कूल के पुराने सहपाठी एक-दूसरे से मिले, तो विद्यालय परिसर बचपन की यादों, हंसी-खुशी और भावुक पलों से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्या सिस्टर पूर्णिमा, वर्तमान प्राचार्या सिस्टर ग्रेसी, उपप्राचार्या सिस्टर दीपा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूर्व छात्रों ने अपने गुरुजनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्कूल के दिनों में मिले संस्कार, शिक्षा और मार्गदर्शन के लिए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।विद्यालय के विकास में सहयोग का संकल्प अपने विद्यालय के प्रति प्रेम और सामाजिक दायित्व की भावना का परिचय देते हुए 2008 बैच के पूर्व छात्रों ने स्कूल के विकास एवं सहयोग के लिए स्वेच्छा से आर्थिक योगदान भी प्रदान किया। इस पहल की उपस्थित शिक्षकों ने सराहना की।
रीयूनियन के दौरान पूर्व छात्रों ने पुरानी कक्षाओं की खट्टी-मीठी यादें, स्कूल की शरारतें, दोस्तों के साथ बिताए पल और पुराने किस्से साझा किए। वर्षों बाद एक साथ आए सहपाठियों ने जमकर हंसी-मजाक किया और अपने विद्यार्थी जीवन को फिर से याद किया। सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं पूर्व छात्रों के लिए स्वादिष्ट लंच और रिफ्रेशमेंट की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के दौरान ली गई सामूहिक तस्वीरों ने इस ऐतिहासिक मिलन को और यादगार बना दिया। 18 वर्षों के बाद हुआ यह मिलन समारोह उपस्थित सभी पूर्व छात्रों और शिक्षकों के लिए भावुक एवं अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
समारोह को सफल बनाने में मुख्य आयोजक रोहित कनोजिया, देवेंद्र नयकाने, विनय यादव, संतोष पिल्ले, आशीष ठाकरे, आकाश बावनगड़े, श्रुति शेंडे, निशा पाल, रोशन नखाते, अल्बर्ट जोसफ, जितेंद्र वाड़ीभस्मे, सोनम झंझोते, अमित साहू, प्रीति सिंग, पूनम बिशनानी, रिजवान, संदीप सूर्यवंशी, कमलाकर झाड़े, उमेश मेघानी, प्रियंका पाटिल, सना खान, मोनू गजभिए, मोनिका वासवानी, राजेश्वरी निषाद, भानुप्रिया कुल्लरकर, तरन्नुम शेख, नमिता पिल्ले, आयशा करादे, आयशा अंसारी, पूनम मंडपे सहित सभी सहपाठियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह के समापन पर आयोजकों ने सिस्टर पूर्णिमा, प्राचार्या सिस्टर ग्रेसी, उपप्राचार्या सिस्टर दीपा, शिक्षिका एलिज़बेथ सरोदे, इंद्रजीत कौर, राजू सर डहेरिया, एरिक मेरिक एंटीक, रोजी गुप्ता, मिस प्रिंसी, सर सरफराज, मिस सुरेंद्रजीत सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।18 वर्षों बाद स्कूल की चौखट पर लौटे 2008 बैच के विद्यार्थियों ने साबित कर दिया कि समय भले ही बदल जाए, लेकिन स्कूल और बचपन की दोस्ती की यादें हमेशा दिलों में जिंदा रहती हैं।


COMMENTS