काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी वर्ष पर अमर क्रांतिकारियों को तेजस संस्था ने किया नमन
भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर शहीदों को श्रद्धांजलि; क्रांतिकारियों के बलिदान को किया याद
नागपुर : - काकोरी ट्रेन एक्शन के 100 वर्ष पूर्ण होने तथा भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर तेजस बहुउद्देशीय संस्था की ओर से अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। संस्था के कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अमर शहीदों के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं मोमबत्तियां प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
9 अगस्त 1925 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ के समीप काकोरी में हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खजाने को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाया था। इस कारवाई का उद्देश्य ब्रिटिश सरकार के धन का उपयोग स्वतंत्रता संग्राम के लिए आवश्यक हथियार एवं संसाधन जुटाने में करना था। काकोरी ट्रेन एक्शन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की महत्वपूर्ण क्रांतिकारी घटनाओं में से एक माना जाता है।
इस घटना के बाद अंग्रेजी सरकार ने क्रांतिकारियों के खिलाफ व्यापक दमन चक्र चलाया। ऐतिहासिक मुकदमे के बाद राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी और ठाकुर रोशन सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों को फांसी की सजा दी गई। वहीं चंद्रशेखर आजाद अंग्रेजों की गिरफ्त से बचते रहे और स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
कार्यक्रम में तेजस बहुउद्देशीय संस्था के अध्यक्ष चंद्रशेखर अरगुलेवार, कारगिल युद्ध के योद्धा एवं पूर्व सूबेदार मेजर पवन लाथोरिया, वरिष्ठ पत्रकार एवं भूतपूर्व शिक्षक सुरेश अढाऊ गुरुजी, पत्रकार एम. ए. जब्बार, संस्था के वरिष्ठ मार्गदर्शक जगन्नाथ फाले सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
इस अवसर पर चंद्रशेखर अरगुलेवार ने काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर क्रांतिकारियों के बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल राजनीतिक संघर्ष का परिणाम नहीं थी, बल्कि हजारों क्रांतिकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से भारत को आजादी मिली। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और महान क्रांतिकारियों के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


COMMENTS